अस्कोट के सांवलीसेरा में सड़क का शुभारंभ करतीं बीडीसी कमला पाल। स्रोत : स्वयं
अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट से आठ किलोमीटर दूर सांवलीसेरा के ग्रामीण अपने संसाधनों से सड़क निर्माण में जुट गए हैं। उनका कहना है कि त्यौरापानी तोक तक एक किमी सड़क बनने से करीब 300 की आबादी को फायदा होगा।
ग्रामीण एकता मंच के तरुण पाल ने बताया कि सांवलीसेरा से त्यौरापानी सड़क का मिलान नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बीच में नाला पड़ने से ग्रामीणों को आठ-दस किलोमीटर की पैदल दूरी नापनी पड़ती है। क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला पाल ने फीता काटकर सड़क का कार्य शुरू किया। जेसीबी से सड़क काटी जा रही है। इस सड़क का मिलान होने से सांवलीसेरा से सीधे तीतरी, बंड, हंसेश्वर, गर्खा और तल्ला बगड़ आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही ग्रामीणों के उत्पाद भी बाजार तक पहुंच सकेंगे।
मंच के पाल ने बताया कि भविष्य में सड़क के लिए जिला पंचायत और विकास खंड से भी सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर पुष्कर धामी, सुरेश धामी, नरेंद्र धामी, डॉ. प्रकाश धामी, प्रताप सिंह, बिशन सिंह, होशियार धामी, मनोज धामी, गणेश राम, खगेंद्र धामी समेत कई लोग मौजूद रहे।