नाचनी के धामी फल्याटी गांव में सुअरों के झुंड ने तबाह किया पालक का खेत। संवाद
नाचनी (पिथौरागढ़) । ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने से हिंसक वन्य जीव निचली घाटियों का रुख कर रहे हैं। इससे खतरा बढ़ गया है। ऐसा इसलिए कि पूर्व में भालू, जंगली सुअर सहित अन्य वन्यजीवों के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी है। अब घाटी वाले इलाकों में भी इन वन्यजीवों के नजर आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन्य जीवों ने धामी फल्याटी, भैंसकोट, बारातोली, बोरा गांव, नौलड़ा, नापड़, खतेड़ा सहित कई गांवों में सब्जियां, गेंहू, जौ, दलहन, तिलहन फसलों के साथ ही नींबू प्रजाति के फलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। धामी फल्याटी के वन पंचायत सरपंच पुष्कर राम ने बताया दिन में बंदर तो रात में हिंसक भालू, सुअरों के झुंड फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन वन्यजीवों के गांवों के नजदीक आने से खतरा बढ़ गया है। हालात यह हैं कि इन गांवों के ग्रामीण शाम होते ही घरों के भीतर कैद होने के लिए मजबूर हैं। बताया कि ठाड़कट्या और कुकुरताड़ा तोक में घरों के नजदीक जंगल में भालू की दहशत बनी है। वन सरपंच ने इसकी सूचना वन विभाग और प्रशासन को देते हुए उचित कदम उठाने की मांग की है।