पिथौरागढ़ में क्षय रोग दिवस पर गोष्ठी में मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
विश्व क्षय रोग दिवस पर यहां आयोजित जिला स्तरीय गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी को टीबी के लक्षण दिखें तो तत्काल जांच करानी चाहिए। टीबी रोग की सारी जांच और दवाएं मुफ्त में दी जाती हैं। गोष्ठी में डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट की आशा कार्यकर्त्रियों ने भी भाग लिया।
गोष्ठी में जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आरके जोशी ने बताया कि देशभर में लगभग 28 लाख लोग टीबी से ग्रसित हैं। डा. जोशी ने आशा कार्यकर्त्रियों से क्षय रोग बचाव का अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक की खांसी होने पर निशुल्क बलगम की जांच अवश्य कराएं। इस दौरान जिले में डॉट्स प्रोवाइडर के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाली डीडीहाट की आशा कार्यकत्री कमला पंचपाल, धारचूला की विजया ठगुन्ना, गंगोलीहाट की गंगा देवी को प्रतीक चिन्ह देकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
द यूनियन प्रोजेक्ट अक्षया के जिला समन्वयक नरेश सकलानी ने उपस्थित क्षय रोगियों को पुष्टाहार बांटा। बाद में टीबी रोगियों को जिला उद्यान अधिकारी मीनाक्षी जोशी ने अनार, व्यापारी महेश खर्कवाल ने अंडे, विरेंद्र सिंह बिष्ट ने आटा, हरीश कुमार ने जूस बांटकर सहयोग दिया। संचालन डॉट्स के जिला कार्यक्रम समन्वयक विकास भंडारी ने किया। गोष्ठी में सेवानिवृत्त अपर निदेशक डा. एचबी भट्ट, जेएस मेहता, लता समेत आदि उपस्थित थे।