भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से सोनीपत और दिल्ली में कराई जा रही अंडर-15 नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ के उभरते क्रिकेटर आलराउंडर कौशल उप्रेती उत्तराखंड की ओर से खेेलेंगे। स्कूली स्टेट प्रतियोगिता के बेस्ट प्लेयर कौशल के देश की अंडर-15 टीम में चयन की उम्मीद जताई जा रही है। नेशनल टीम एशिया कप में शिरकत करेगी। साईं ने पहली बार अंडर-15 टीम के लिए स्कूली प्रतियोगिताओं के बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन स्टेट की टीमों में कराया है।
स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन (खेल विकास प्राधिकरण साईं के अधीन) के जिला समन्वयक उमेश चंद्र जोशी की ओर से कौशल के स्कूल कृष्णानंद उप्रेती राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ के प्रधानाचार्य को लिखे पत्र में कौशल के स्टेट टीम में चयन की जानकारी दी गई है। राज्य की टीम में शामिल कौशल जिले का इकलौता क्रिकेटर है। प्रदेश की टीम में हरिद्वार का दबदबा है। टीम में हरिद्वार के 8, नैनीताल के 5, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। ऊधमसिंह नगर के दो, नैनीताल और हरिद्वार के एक-एक खिलाड़ी रिजर्व में रखे गए हैं।
फाउंडेशन के जिला समन्वयक उमेश चंद्र जोशी के साथ अमर उजाला पहुंचे कौशल प्रांत की टीम में चयन से उत्साहित हैं। देश के लिए खेलने का सपना संजोये कौशल कहते हैं कि उन्हें नेशनल प्रतियोगिता का बेसब्री से इंतजार है। कौशल ने कहा कि नेशनल प्रतियोगिता का महत्व उन्हें पता है। देश की टीम में शामिल होने के लिए प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा। राज्य समन्वयक संजय पाल शर्मा के नेतृत्व में टीम 10 अगस्त को रुड़की से सोनीपत (हरियाणा) रवाना होगी। सोनीपत में 12 अगस्त से नेशनल प्रतियोगिता शुरू होगी। नाकआउट मैच दिल्ली में खेले जाएंगे। 22 अगस्त को दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खिताबी मुकाबला होगा। उत्तराखंड की टीम के कोच हरियाणा के रणजी खिलाड़ी अवतार सिंह हैं।
फाउंडेशन के जिला समन्वयक जोशी ने बताया कि नेशनल टीम में चयन होने वाले खिलाड़ियों को साईं की ओर से स्कॉलरशिप, हॉस्टल में रहना, खाना, पढ़ाई, खेल प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। कौशल जिला मुख्यालय के हुड़ेती का रहने वाला है। कौशल के पिता वेद प्रकाश उप्रेती पिथौरागढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज में संविदा पर नौकरी करते हैं। माता रेखा गृहणी हैं। जीआईसी के प्रधानाचार्य प्रकाश पंत समेत तमाम लोगों ने होनहार क्रिकेटर को शुभकामना दी है।