नगर के नैनीसैनी क्षेत्र में फैला नैनीपातल के कूड़े का धुआं
- फोटो : अमर उजाला
नैनीपातल में कूड़े के ढेर में लगी आग का धुआं बुधवार को नगर के नैनीसैनी क्षेत्र तक पहुंच गया। इस दुर्गंधयुक्त धुएं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को फायरब्रिगेड और पालिका की घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
पिथौरागढ़ नगर का कूड़ा 14 किलोमीटर दूर नैनीपातल के जंगल में डाला जाता है। तीन दिन पहले इस कूड़े में किसी ने आग लगा दी। कूड़े के ढेर के सुलगने से लगातार उठ रहा धुआं बुधवार को नैनीसैनी तक पहुंच गया। सुबह के समय सातसिलिंग, जाजरदेवल और नैनीसैनी के वातावरण में धुआं नजर आया। कूड़े के ढेर में आग लगने से लगभग 100 मीटर के दायरे तक धुआं ही धुआं हो रहा है। इससे वाहन चलाने में भी दिक्कतें हुई। बुधवार को नगरपालिका की ओर से फायरब्रिगेड की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू हुए।
कूड़े के ढेर में फायरब्रिगेड ने आठ टैंकर पानी और नगरपालिका ने सात टैंकर पानी डाला। इसके अलावा जेसीबी से मिट्टी डाली गई। इसके बावजूद कूड़े में लगी आग काफी हद तक नियंत्रित हो गई। शाम पांच बजे बाद कूड़े के ढेर से उठ रहे धुएं में कमी आई। नगरपालिका से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को भी आग बुझाने के प्रयास किए जाएंगे।