थल-मुनस्यारी रोड पर ग्वीरा में ऐसे हो गए सड़क के हाल
- फोटो : अमर उजाला
सातशिलिंग-थल सड़क पर भौड़ी के पास मलबा गिरने से बृहस्पतिवार को चार घंटे तक यातायात बंद रहा। बेड़ीनाग, मुनस्यारी, थल, मुवानी से पिथौरागढ़ को जाने वाले सभी वाहन इस मार्ग पर फंसे रह गए। बाद में लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया और सुबह नौ बजे यातायात सामान्य हो गया। उधर, थल-मुनस्यारी मार्ग पर ग्वीरा के पास चट्टान को काटकर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। मुनस्यारी के लिए बृहस्पतिवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर के ट्रक, सब्जी, राशन लेकर जाने वाले ट्रक रवाना हो गए।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने बताया कि अभी सड़क की मरम्मत का काम जारी है। ग्वीरा और चिफलवा में सड़क का बड़ा हिस्सा बहने से यातायात प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि सड़क की लगातार देखरेख की जा रही है। खतरनाक स्थानों पर जेसीबी और मजदूर तैनात किए गए हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के मुताबिक जिले को जोड़ने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाइवे पर यातायात खुला है।
जिले का मैदानी इलाकों से संपर्क बना है। बृहस्पतिवार को बारिश बंद हो गई और सड़कों से मलबा हटाने का काम तेज हो गया। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि बंद पड़ी आंतरिक सड़कों को खोलने का काम प्राथमिकता में रखा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो।
जिले में बंद पड़ी ग्रामीण सड़कें
तवाघाट-पांगला, चौबाटी-बोराबुंगा, गणाई-बनकोट, सानदेव-तुरगोली, तवाघाट-सोबला, मदकोट-बोना, बलुवाकोट-पय्यांपौड़ी, चहज-खतीगांव, नाचनी-बांसबगड़, गंगोलीहाट-चौरपाल, राममंदिर-ग्वाल, डीडीहाट-सीराकोट, झूलाघाट-तालेश्वर।