पिथौरागढ़। जनपद में रसोई गैस के लिए लोगों की परेशानी फिलहाल कम नहीं हो पा रही है। अब भी सिलिंडर के लिए मारामारी हो रही है और बारिश में भी उपभोक्ताओं की लाइन लग रही है। ग्रामीण इलाकों में सिलिंडर नहीं पहुंच रहे हैं और लोगों के लिए बारिश के बीच जलौनी लकड़ी का इंतजाम करना भी चुनौती बना हुआ है।
पिथौरागढ़ नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में अमूमन हर दिन गैस वितरण किया जा रहा है। इसके बाद भी अब तक पिछले महीने की बुकिंग वाले कई लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया है। एक निश्चित तारीख तक की बुकिंग वालों को सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है लेकिन लाइन छोटी नहीं हो पा रही है। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में कई इलाके ऐसे हैं जहां गैस वाहन पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
विज्ञापन
मुख्य वितरण स्थल से पहले ही रास्ते में लोग खाली सिलिंडरों के साथ गैस वाहन को रोक रहे हैं। ऐसे में वितरण कर्मियों के लिए भी व्यवस्था के तहत सिलिंडर बांटना मुश्किल हो गया है। ग्राम अगन्या के पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह चौहान और बसंत बल्लभ शर्मा ने बताया कि बुंगाछीना में क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से गैस वाहन नहीं आया। पहले जब आया तो कस्बे में पहुंचने से पहले ही सिलिंडर खत्म हो गए। इस कारण कई लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया। मौसम ने लोगों के लिए जलौनी लकड़ी जुटाना भी मुश्किल कर रखा है।
कोट
गैस की आपूर्ति लगभग पहले की तरह है। आज नौ वाहनों से आपूर्ति हुई है। बैकलॉग थोड़ा कम हुआ है और लेकिन वह 10 हजार के करीब बना हुआ है। - विनय कुमार, डीएसओ, पिथौरागढ़