चंपावत। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कजीना पुनौली में हिंदी और गणित के नियमित शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इससे 27 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रधानाचार्य का पद भी वर्ष 2011 से खाली है। इससे प्रशासनिक कार्यों में भी कठिनाई आ रही है।
विकासखंड पाटी के दुर्गम क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय में हिंदी का पद पिछले चार वर्षों से रिक्त है। गणित का पद भी दो वर्षों से खाली है। मानकों के अनुसार विद्यालय में सात शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। हालांकि, वर्तमान में पढ़ाई अतिथि शिक्षकों के भरोसे चल रही है। अभिभावकों ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शीघ्र नियमित शिक्षकों और प्रधानाचार्य की नियुक्ति की मांग की है। उनका कहना है कि दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए स्थायी शिक्षकों की तैनाती आवश्यक है।
-
- विद्यालय में हिंदी और गणित विषय के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इन महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई वर्तमान में अतिथि शिक्षकों के माध्यम से संचालित हो रही है। नियमित शिक्षकों की नियुक्ति होने से छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उनकी पढ़ाई में सुधार होगा।
-दयाकृष्ण जोशी, अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति
विद्यालय में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए हिंदी और गणित विषयों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है। विद्यालय में रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी गई है। रिक्त पदों पर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति होने के बाद उनकी तैनाती विद्यालय की जाएगी।
-संजय कुमार भट्ट, खंड शिक्षा अधिकारी, पाटी