फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: विरोध के बाद 24 घंटे में बदला स्कूलों का नया समय

Fri, 03 Jul 2026 10:55 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
लोहाघाट/चंपावत। शिक्षक और कर्मचारी संगठनों के कड़े विरोध के बाद चंपावत जिले में विद्यालयों के संचालन समय में किया गया बदलाव 24 घंटे के भीतर ही वापस लेना पड़ा। मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) ने पूर्व में जारी आदेश निरस्त करते हुए सभी सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को पहले की तरह संचालित करने के निर्देश जारी कर दिए।
विज्ञापन

सीईओ ने दो जुलाई को आदेश जारी कर तीन जुलाई से जिले के कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय सुबह 8:50 बजे से अपराह्न 3:10 बजे तक निर्धारित किया था। आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी-शिक्षक संगठन के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के रमेश सिंह देव, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संगठन के उत्तम फर्त्याल, राजकीय शिक्षक संघ के जगदीश सिंह अधिकारी और प्रकाश चंद्र उपाध्याय, फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के जीवन चंद्र ओली तथा एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के हिमांशु मुरारी समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सीईओ मान सिंह से आदेश वापस लेने की मांग की। हालांकि शुरुआत में उन्होंने तत्काल आदेश निरस्त करने में असमर्थता जताई।
विज्ञापन

इसके बाद सभी संगठनों ने शुक्रवार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी से वार्ता का निर्णय लिया। इससे पहले ही बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे सीईओ ने नया आदेश जारी कर पूर्व का आदेश निरस्त कर दिया। साथ ही विद्यालयों को पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित करने के निर्देश जारी कर दिए।
नागेंद्र जोशी ने कहा कि आदेश में अचानक बदलाव और देर रात उसे वापस लेने से तीन जुलाई को कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण विद्यालयों में अवकाश घोषित होने के बावजूद शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश देना भी व्यावहारिक नहीं है।
शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस मामले का स्थायी समाधान निकालने की बात कही है। साथ ही भविष्य में ऐसे आदेश जारी करने से पहले संबंधित संगठनों से संवाद करने की मांग भी की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें