पिथौरागढ़। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में आक्रोश, हंगामे और तोड़फोड़ के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तलवारें खिंच गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम के बाद यदि जल्द कोई अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने नहीं आया तो इसकी आंच चुनाव तक पहुंचने की पूरी संभावना है। एक तरफ भाजपा की ओर से धारचूला विधायक हरीश धामी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में जौलजीबी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं, वहीं कांग्रेस के नजरिये से मामले की तह तक जाकर अपना पक्ष रखने तथा सियासी नफा-नुकसान का आकलन करने के मद्देनजर पार्टी का तीन सदस्यीय दल धारचूला रवाना हो गया है। इस दल में उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी शामिल हैं।
जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में हुए हंगामे के बाद स्थानीय विधायक हरीश धामी ने कहा कि कार्यक्रम की अध्यक्षता करने और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि होने के बावजूद सीएम पुष्कर सिंह धामी उनकी बात सुने बगैर अपना भाषण खत्म कर तुरंत वहां से चले गए। इस सबके बावजूद जब उन्होंने मंच से अपनी बात रखनी चाही और क्षेत्रीय समस्याओं को उठाना चाहा तो प्रशासन और भाजपा के इशारे पर माइक की आवाज बंद कर दी गई। इस अपमानजनक व्यवहार का उन्होंने विरोध किया और उनके समर्थक भी गुस्सा हुए। बहरहाल इस घटनाक्रम के बाद जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन भी जारी है। कांग्रेस ने जौलजीबी मेले में विधायक के प्रति हुए व्यवहार को मुख्यमंत्री और भाजपा का मनमाना और तानाशाहीपूर्ण व्यवहार करार दिया है। दूसरी ओर भाजपा इसे मेले जैसे सांस्कृतिक सार्वजनिक मंच पर विधायक की गुंडागर्दी और अशोभनीय व्यवहार बताते हुए इसकी निंदा कर रही है।
-इनसेट-
आज धारचूला में कांग्रेस के बड़े विरोध-प्रदर्शन का एलान
पिथौरागढ़। जौलजीबी मेले में सामने आए घटनाक्रम के बाद कांग्रेस की ओर से मंगलवार को धारचूला में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी डीडीहाट अध्यक्ष मनोहर सिंह टोलिया ने बताया कि मंगलवार को धारचूला में आयोजित धरना प्रदर्शन में डीडीहाट, कनालीछीना, मूनाकोट, तल्ला जोहार, मुनस्यारी और गोरीछाल क्षेत्र के सभी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, अल्मोड़ा विधायक तिवारी और पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र से खजान गुड्डू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। धरना प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ नेता प्रेस के साथ वार्ता भी करेंगे।