शुरुआती बारिश में ही पिथौरागढ़ जिले से संचालित विमान सेवा प्रभावित होने लगी है। आए दिन दिल्ली, देहरादून और हल्द्वानी के लिए संचालित उड़ान रद्द हो रही हैं। हालात यह हैं कि देहरादून से विमान बमुश्किल चौथे दिन नैनीसैनी पहुंचा तो दिल्ली से उड़ान रद्द हो गई। देहरादून रूट पर हवाई सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिली तो दिल्ली रूट के यात्रियों को निराश होना पड़ा।
बारिश के साथ ही कोहरा, धुंध और बादल छाने से बीते सोमवार को देहरादून और दिल्ली रूट पर संचालित विमान उड़ान नहीं भर सका। फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को निराश होकर रोडवेज बस या टैक्सी के सहारे सफर करना पड़ा। दूसरे और तीसरे दिन भी दोनों उड़ाने रद्द हो गईं और देहरादून, दिल्ली से विमान नैनीसैनी नहीं पहुंच सका। यात्रियों के मोबाइल पर फ्लाइट कैंसिल होने का मैसेज आया तो उन्होंने बस स्टेशन और टैक्सी स्टैंड का रुख किया।
बमुश्किल चौथे दिन बृहस्पतिवार को देहरादून से 22 सीटर विमान नैनीसैनी पहुंचा तो यात्रियों को राहत मिली लेकिन दिल्ली रूट पर संचालित विमान ने धुंध और बादल के चलते उड़ान नहीं भरी तो यात्रियों को फिर से रोडवेज बस और टैक्सियों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। शुरुआती बारिश में ही विमान सेवा के संचालन पर ब्रेक लगने लगा है।
मानसूनकाल नजदीक है और सीमांत जिले में अन्य जिलों की अपेक्षा बारिश अधिक होती है। ऐसे में भविष्य में दोनों रूट पर संचालित हवाई सेवा के लड़खड़ाने की आशंका है। यदि ऐसा हुआ तो यात्रियों को मानसूनकाल में दरकते पहाड़ों, गिरते मलबे और बोल्डरों के बीच सड़क मार्ग से सफर करना पड़ेगा।
हल्द्वानी रूट पर हेलीकॉप्टर ने भी लगाया सिर्फ एक फेरा
पिथौरागढ़ जिले से अल्मोड़ा, हल्द्वानी रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित है। हर रोज हेलीकॉप्टर इस रूट पर दो फेरे लगाता है इससे यात्रियों को खासी राहत मिल रही है। मौसम में खराबी के चलते हेलीकॉप्टर पिछले तीन दिनों से उड़ान नहीं भर सका। बृहस्पतिवार हेलीकॉप्टर सेवा संचालित तो हुई लेकिन इसने सिर्फ एक ही फेरा लगाया। सुबह के समय कोहरा छाने से हेलीकॉप्टर हल्द्वानी से उड़ान नहीं भर सका तो यात्रियों को सड़क मार्ग से सफर करना पड़ा। दोपहर बाद कोहरा छंटने से हेलीकॉप्टर के नैनीसैनी पहुंचने से यात्रियों को राहत मिली।
मौसम में खराबी के चलते दृष्यता कम होने से विमान और हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित हो रही हैं। चौथे दिन देहरादून रूट पर विमान सेवा और हल्द्वानी रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई। दिल्ली से विमान उड़ान नहीं भर सका। मौसम का साथ मिलने पर सभी सेवाएं पूर्व की तरह संचालित होंगी।
- डॉ. दीपक सैनी, सीडीओ, पिथौरागढ़