गाजियाबाद में कोहरा होने से हिंडन एयरपोर्ट से विमान नैनीसैनी नहीं आ सका। हेरिटेज एविएशन के हेलीकॉप्टर ने भी पिथौरागढ़ और देहरादून के केवल दो चक्कर लगाए, जिनमें कुल 13 यात्रियों ने सफर किया।
विगत 23 दिसंबर को तकनीकी खामी के कारण नैनीसैनी से विमान उड़ान नहीं भर सका था। इसके चलते तीन दिन हवाई सेवा बंद रही। बाद में हेरिटेज एविएशन ने हेलीकाप्टर से देहरादून और पिथौरागढ़ के यात्रियों को हवाई सफर कराया। विमान में आई गड़बड़ी को दूर करने के बाद हिंडन भेजा गया था। सूत्रों के अनुसार, शनिवार को विमान को यात्रियों को लेकर नैनीसैनी आना था, लेकिन गाजियाबाद में कोहरा होने से विमान उड़ान नहीं भर सका।
हेलीकॉप्टर से भी शनिवार को केवल दो शार्टी की गई। सुबह हेलीकाप्टर देहरादून से यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ आया और यहां से यात्रियों को लेकर देहरादून के लिए उड़ा। बाकी उड़ानों का संचालन नहीं हुआ। इसके चलते एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों को वापस लौटना पड़ा। जहां पहाड़ में इस समय मौसम साफ है वहीं मैदानी क्षेत्रों में जबरदस्त कोहरा छा रहा है। रविवार को मौसम साफ रहा तो हिंडन से विमान पिथौरागढ़ आ सकता है।
मौसम खराब होने से नहीं निकाले जा सके जवान
पिथौरागढ़। मार्ग पर बर्फ होने के काण रिलकोट चौकी में रुके आईटीबीपी के जवानों को शनिवार को हेलीकाप्टर से नहीं निकाला जा सका। सूत्रों के अनुसार, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने और मौसम अनुकूल नहीं होने से हेलीकॉप्टर नहीं भेजा गया। मौसम अनुकूल होने पर रविवार को चौकी में फंसे आठों जवानों को निकालने के प्रयास होंगे।