पेयजल कनेक्शनों में एक माह से पानी न टपकने और बिलों में विसंगति से गुस्साए लोगों ने बेड़ीनाग जल संस्थान के खिलाफ थल में प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकत्री हंसा देवी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कहा जूगापानी पेयजल योजना में 11 पेयजल उपभोक्ताओं के कनेक्शनों में एक महीने से पानी नहीं आ रहा है। मल्लीधारा-थल पेयजल योजना और बरड़-थल पेयजल योजना के स्रोत खुले में छोड़े गए हैं। जिससे पाइपों में गंदा पानी आ रहा है। कहा कि जल संस्थान बेड़ीनाग उपभोक्ताओं को डेढ़ साल से तीन महीने का 357 रुपया बिल ले रहा है जबकि डीडीहाट जल संस्थान तीन महीने का 261 रुपया लेता है। प्रदर्शनकारियों ने एक ही स्थान पर अलग-अलग बिल लेने का पूर्ण विरोध किया। प्रदर्शन करने वालों में सतीश जोशी, रामकृष्ण कांडपाल, चामू सिंह, भूपेंद्र पांगती, हरीश जोशी, दान सिंह बिष्ट, गोविंद लाल वर्मा, राजा जोशी आदि शामिल थे।
उधर, जल संस्थान बेड़ीनाग के जेई शेखर रौतेला का कहना है जूगापानी पेयजल योजना में पानी कम हो गया है, टंकी में भी दरार आई है। गांव के कुछ लोग टंकी पर छेड़खानी कर रहे हैं। जिससे सभी 45 कनेक्शनों में पानी नहीं चल रहा है। अब बड़ी टंकी के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। मल्लीधारा और बरड़ पेयजल योजना का जल्द रख रखाव किया जाएगा। पूरे बेड़ीनाग में शुरू से ही तीन टौंटी का अधिभार लिया जाता है जबकि डीडीहाट जल संस्थान में दो टौंटी का अधिभार लिया जाता है। जिससे बिल में विसंगति हुई है।