पिथौरागढ़ में गैस एजेंसी प्रबंधक का घेराव करते लोग।
- फोटो : पिथौरागढ़
पर्याप्त गैस आपूर्ति न होने के विरोध में सिनेमा लाइन के लोगों ने सभासद पवन माहरा के नेतृत्व में गैस कार्यालय का घेराव किया। लोगों ने कहा कि यदि रसोई गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हुई तो वह लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
घेराव के बाद गैस कार्यालय में दिए ज्ञापन में इन लोगों ने कहा कि सिनेमा लाइन में करीब 4000 गैस उपभोक्ता हैं। सप्ताह में केवल एक दिन शनिवार को रसोई गैस की सप्लाई की जाती है। काफी कम लोगों को रसोई गैस मिल पाती है। सभासद माहरा ने कहा कि सिनेमा लाइन में सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शनिवार को रसोई गैस की सप्लाई की जानी चाहिए।
सभासद ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था ठीक न होने पर सिनेमा लाइन के लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने पर मजबूर हो जाएंगे। घेराव कार्यक्रम में माया जोशी, दीपा, रश्मि, किरन पांडे, माया कलखुड़िया, हेमा बिष्ट, विशाल कुमार, मथुरा चलाल आदि शामिल थे।
घेराव के बाद यह लोग पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु से मिले। एसपी को बताया गया कि यातायात व्यवस्था ठीक न होने के कारण रसोई गैस के वाहन को खड़े होने के लिए जगह नहीं मिलती। एसपी ने यातायात निरीक्षक दरबान सिंह को गैस वितरण के समय पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।