धारचूला में एनएच में चक्काजाम करते लोगों को समझाते एसडीएम।
- फोटो : पिथौरागढ़
रांथी सड़क के चौड़ीकरण और जीआईसी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर रांथी क्षेत्र के लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने प्रदर्शन करने के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके चलते लगभग तीन घंटे तक एनएच पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। एक गर्भवती महिला भी जाम में एक घंटे तक दर्द से कराहती रही।
ग्राम प्रधान रांथी लीला धामी और बीडीसी सदस्य दान सिंह धामी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को क्षेत्र के लोगों ने दोबाट के पास नेशनल हाईवे पर सुबह आठ बजे चक्काजाम कर दिया। लोगों के बीच सड़क में बैठ जाने से वाहनों का संचालन ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। यात्री जीपें और सेना के वाहन भी जाम में फंस गए। वाहनों के पहिए थम जाने से लोगों को तहसील कार्यालय में आने के लिए दो किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
जाम स्थल पर लोगों का कहना था कि सड़क के बदहाल होने से अब तक हुई दुर्घटनाओं में दर्जनों लोगों की मौतें हो चुकी हैं। उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चक्का जाम की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय और थानाध्यक्ष विजेन्द्र शाह अपनी टीम लेकर मौके में पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने लोगों को रांथी और पैय्यापौडी सड़क का इस्टीमेट शासन को भेजने की बात कही। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। ग्राम प्रधान लीला धामी ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए कहा कि दस दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा चक्का जाम किया जाएगा।