पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के जाखपंत गांव में सस्यो और चैतोली पर्व की औपचारिक शुरुआत हो गई है। गांव में खंडेनाथ स्वामी के दरबार से निकलने वाले डोले से पहले ग्रामीणों ने असुर देवता के मंदिर में पूजा सामग्री (धूपउखोल) पहुंचाई। चैतोल पर्व 11-12 अप्रैल को मनाया जाएगा।
जाखपंत गांव की परंपरा के अनुसार चैतोल पर्व से पहले सभी ग्रामवासियों की ओर से असुर देवता के मंदिर में पूजा सामग्री पहुंचाई जाती है। इसके लिए ग्रामीण खड़ी चढ़ाई चढ़कर लगभग पांच किमी दूर असुरचुला पर्वत पर पहुंचे। इसके बाद विधिवत पूजा अर्चना की गई। हरीश चंद्र पंत और दीपक पंत ने बताया कि इस बार भी ग्रामवासियों में चैतोली पर्व को लेकर काफी उत्साह है और चैतोली पर्व को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। मुख्य स्थल भगवती माता के मंदिर को विशेष रंगरोगन कर सजाया गया है। संवाद