बेड़ीनाग में जल निगम का पुतला दहन करते चौकोड़ी के ग्रामीण। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। जल जीवन मिशन योजना में पेयजल योजना का कार्य सुस्त गति से चलने से चौकोड़ी के लोगों में आक्रोश है। नाराज लोगों ने जल निगम का पुतला फूंका। उन्होंने जल्द पेयजल योजना का कार्य पूरा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को चौकोड़ी के लोग स्वामी मूल नारायण मंदिर में एकत्र हुए। उन्होंने यहां जल निगम के खिलाफ नारे लगाकर पुतला फूंका। लोगों ने कहा कि जल निगम सुस्त गति से पेयजल योजना का निर्माण कर रहा है जिस कारण स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। चौकोड़ी के कई तोकों में अभी पेयजल लाइन बिछाने का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने पेयजल योजना का कार्य शीघ्र पूरा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में हरीश चुफाल, हरीश कोरंगा, राजेंद्र राम, लोकमान कार्की, सोनू मेहरा, रोहित कार्की, अक्षय कार्की, चंचल कार्की, आनंद मेहरा, लछम कार्की, सुरेंद्र मेहरा, आनंद राम, हेमंत कुमार आदि मौजूद रहे।