डीडीहाट में तहसील दिवस में मौजूद विभागीय अधिकारी व लोग। संवाद
डीडीहाट ( पिथौरागढ़)। जिलाधिकारी रीना जोशी के निर्देश पर जन समस्याओं के समाधान के लिए डीडीहाट विकासखंड सभागार तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल तीन शिकायतें ही दर्ज की गईं।
तहसील दिवस में ग्राम घिमाली, चुपड़ाखेत, बगची बल्ला में 33 केवी की विद्युत लाइन के तार में पेड़ों को छूने से उत्पन्न खतरे का मामला उठाया गया। लोगों का कहना था कि इससे बार-बार बिजली व्यवस्था बाधित हो रही है। उन्होंने पेड़ों की लापिंग करने की मांग उठाई। इसके अलावा ग्राम पंचायत बोरागांव में लगातार विद्युत आपूर्ति न होने और विगत वर्ष आई आपदा से पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त होने के संबंध में शिकायत पंजीकृत कराई गई।
विभागीय अधिकारियों ने उनके विभाग से संचालित सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को दी। इस मौके पर तहसीलदार चंद्र सिंह हरकोटिया, खंड विकास अधिकारी आनंद स्वरूप, सहायक विकास अधिकारी जिला उद्योग केंद्र सूर्यकांत, ग्राम प्रधान बोरागांव नंदन सिंह मेहरा आदि मौजूद रहे। संवाद