पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला। सीमांत जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से ठंड काफी बढ़ गई है। बारिश और बर्फबारी के बाद जिले के तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट आई है। मुनस्यारी में जोहार घाटी, धारचूला में दारमा और व्यास घाटियों में पंचाचूली, छिपलाकेदार, हंसलिंग, ओम पर्वत, ज्योलिंगकांग, सीपू, नाभीढांग, दातू आदि क्षेत्रों में खूब बर्फबारी हुई, जिससे चोटियां चांदी सी चमकने लगी हैं।
जिले में बीते सोमवार की शाम से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार को भी जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई जबकि धारचूला और मुनस्यारी की चोटियों में हिमपात हुआ। मुनस्यारी के हंसलिंग, पंचाचूली, छिपलाकेदार, नागिनीधुरा चोटियों और मल्ला जोहार के रिलकोट और चीन सीमा से सटे धारचूला की दारमा व व्यास घाटी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र में ओम पर्वत पर बर्फबारी से इसका सौंदर्य निखर गया है। पंचाचूली की चोटियों पर बर्फबारी से मुनस्यारी पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिले नजर आए। इधर, बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बाजारों में भी सुनसानी छायी रही।
बेमौसम बारिश से किसान परेशान
बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में काश्तकार काफी परेशान हैं। खेतों में कटी धान, मडुआ व अन्य खरीफ की फसलें और मवेशियों के लिए एकत्र की गई घास को बारिश के कारण काफी नुकसान पहुंचा है। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न इलाकों में मंगलवार शाम चार बजे बाद बारिश थमी और बादल कुछ छंटने लगे, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
सीपू गांव में बिछी बर्फ की सफेद चादर
धारचूला। चीन सीमा से सटे दारमा और व्यास घाटी के 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में सीजन का पहली बर्फबारी हुई। करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर दारमा घाटी के अंतिम गांव सीपू में चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। टूर ऑपरेटर मनीष रावल ने बताया कि व्यास घाटी के नाभीढांग क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। ओम पर्वत पर ओम की आकृति भी बर्फ पड़ने के बाद निखर गई है। इससे ओम पर्वत और आदि कैलाश दर्शन के लिए पहुंचे पर्यटकों में खुशी है। दांतू के होम स्टे संचालक अभिराज दताल ने बताया कि सोमवार देर रात से बर्फबारी और हल्की बारिश शुरू हुई, जो मंगलवार को भी जारी रही। इसके चलते प्रसिद्ध पंचाचूली की चोटियां दिन भर बादलों से घिरी रहीं। संवाद
तीन दिन में तीन डिग्री गिरा मुनस्यारी का तापमान
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बर्फबारी और बारिश के कारण मुनस्यारी क्षेत्र में भी तापमान एकाएक गिर गया है और ठंड से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। मुनस्यारी में मंगलवार सुबह का तापमान अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते सोमवार को मुनस्यारी का अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस था। संवाद