पिथौरागढ़। विकास के दावे कर गांवों तक सड़क तो काटी जा रही हैं लेकिन इन पर वाहन चले या नहीं इसका पता किसी को नहीं है। नेपाल सीमा पर बसा ऐसा ही गांव है तड़ेमियां। गांव के लिए सड़क तो काट दी गई है लेकिन गांव तक वाहन नहीं जा पा रहे हैं। हालात यह है कि मरीज को पहले डोली के सहारे पांच किलोमीटर तक ढोना पड़ रहा है तब उसे एंबुलेंस नसीब हो रही है। ऐसे में आपात स्थिति में मरीजों की जान बचाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।
जिला मुख्यालय से एक हजार से अधिक की आबादी वाले गांव तड़ेमिया की दूरी 50 किलोमीटर है। पांच साल पूर्व गांव तक सड़क काटी गई लेकिन सिर्फ 45 किलोमीटर दूर सल्याड़ी तक ही वाहन जा पा रहे हैं। इससे आगे पहाड़ी दरकने से जगह-जगह मलबा गिरा है और सड़क पर आवाजाही ठप है। जगह-जगह सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त है। ऐसे में सल्याड़ी से आगे न तो वाहन बढ़ पा रहे हैं और ना ही एंबुलेंस।
ग्रामीणों के लिए इन हालात में बीमारों और गर्भवतियों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बना है। डोली के सहारे बीमारों और गर्भवतियों को सल्याड़ी तक पहुंचाना मजबूरी है। कई बार समय पर अस्पताल न पहुंचने से बीमारों और गर्भवतियों की जान भी आफत में फंसती है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चौखट पर सड़क सुधारीकरण की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सिस्टम की इस बेरुखी से ग्रामीण निराश और परेशान हैं।
सिलिंडर रिफिल कराने के लिए लग रही है आठ किमी की दौड़
सड़क की बदहाली के चलते तड़ेमियां के ग्रामीणों की दुश्वारियां हर दिन बढ़ रही हैं। अब तक रसोई गैस का वाहन गांव नहीं पहुंचा है। तड़ेमिया के साथ ही रावतगड़ा के लोगों को सिलिंडर रिफिल कराने के लिए आठ किलोमीटर दूर सेल पहुंचना पड़ रहा है। इसके लिए मजदूर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में सिलिंडर रिफिल कराने के लिए ग्रामीणों को भाड़े के 300 से 400 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं।
एसएसबी कैंप को भी जोड़ती है सड़क
सेल-तड़ेमिया सड़क पर रावतगड़ा में एसएबसी की चौकी है। एसएसबी के वाहन भी इस जर्जर मोटर मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की बदहाली के चलते जवानों को भी चौकी तक पहुंचने के लिए लंबा पैदल सफर करना पड़ रहा है।
कोट
तड़ेमिया तक एंबुलेंस सहित अन्य वाहन न पहुंचने से ग्रामीणों के साथ ही बीमारों और गर्भवतियों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क सुधारीकरण की मांग की गई लेकिन किसी ने हमारी नहीं सुनी। अब हमारे सामने आंदोलन करना ही एकमात्र विकल्प है। - नेहा मुखिया, ग्राम प्रधान, तड़ेमिया
कोट
सल्याड़ी में दो किलोमीटर स्लाइडिंग जोन है। बारिश के दौरान सड़क पर मलबा आ जाता है। सुरक्षा दीवार के लिए 1.20 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सुरक्षा दीवार निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। सुरक्षा दीवार बनने से दिक्कत दूर हो जाएगी। - चंदन कोहली, कनिष्ठ अभियंता, पीएमजीएसवाई, पिथौरागढ़