बेड़ीनाग में शराब की दुकान के विरोध में ज्ञापन देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हाइवे के किनारे से हटाई गई यहां की शराब की दुकान को खोलने के लिए जहां पर भी प्रयास हो रहा है, वहीं से विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। बुधवार को शराब की दुकान छलौड़ी मार्ग पर खोलने की भनक लगते ही जवाहर चौक, बगीचा क्षेत्र के कई लोग एसडीएम कार्यालय जा धमके। लोगों ने ऐलान किया कि छलौड़ी मार्ग पर शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।
इससे पहले शराब व्यवसायी ने पोसा पोस्ताला मार्ग पर रिजर्व फारेस्ट की जमीन पर टिनशेड बनाकर शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया था, लेकिन वन विभाग ने बिना अनुमति के टिनशेड बनाने के कारण उसे हटा दिया है। हाइवे से हटाई गई शराब की दुकान को खोलने के लिए अब तक कहीं जगह नहीं मिल पाई है।
जवाहर चौक और बगीचा की महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि छलौड़ी मार्ग पर शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। इस इलाके में घनी आबादी, स्कूल और कब्रिस्तान हैं। महिला मंगल दल की मीना देवी, विद्या रावत, दीपा राठौर, दीपा देवी, नीमा रावत, खिला राठौर, कविता देवी आदि ने कहा कि शराब की दुकान खोलने का जमकर विरोध होगा। उधर, वन क्षेत्राधिकारी एनपी ग्वासीकोटी ने बताया कि शराब के ठेकेदार ने बिना अनुमति लिए पोसा पोस्ताला मार्ग पर वन विभाग की जमीन पर टिनशेड बना दिया था, इसे हटा दिया गया है।
यदि शराब ठेकेदार विधिवत अनुमति लेता है तो उसे दुकान खोलने की इजाजत मिल जाएगी। पोसा, पोस्ताला, नरगोली के लोग भी शराब की दुकान के विरोध में खड़े हो गए हैं। एसडीएम विवेक प्रकाश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शराब की दुकान हाइवे से हटाई गई है, लेकिन यदि कहीं पर इसका विरोध होगा तो वहां पर दुकान नहीं खोली जाएगी। प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर ही कदम उठाएगा।