व्हाट्सएप पर विधायक मयूख महर के खिलाफ गालीगलौज वाला मैसेज जारी होने के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब तक पुलिस ने 20 लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुला लिया है, लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि यह मैसेज किसने जारी किया था। बताया गया है कि पिछले दिनों एक गांव में विधायक महर ने ट्यूबवेल का उद्घाटन किया था। इस मैसेज के साथ ट्यूबवेल के उद्घाटन वाली फोटो अटैच की गई है और उसके कैप्सन में कुमाऊंनी में गालीगलौज लिख दी।
दो दिन के भीतर यह मैसेज कई लोगों के पास पहुंच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल गणेश सिंह सामंत ने बताया कि मैसेज भेजने वाले की छानबीन की जा रही है। साथ ही कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस मामले में विधायक के रिश्तेदार कवींद्र सिंह की ओर से रिपोर्ट लिखाई गई है। पुलिस का कहना है कि व्हाट्सएप पर यह मैसेज जारी करने वाले का ग्रुप एडमिन चेक किया जा रहा है।
यह लंबी प्रक्रिया है, लेकिन जिसने भी यह मैसेज जारी किया है, उसे पकड़ लिया जाएगा। विधायक से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। एलआईयू को भी सक्रिय किया गया है।