चार दिन पहले मिलम ग्लेशियर देखने के लिए हेलीकाप्टर से गया छह लोगों का दल वहीं फंसा हुआ है। इसके अलावा मिलम से 10 लोग हेलीकाप्टर से मुनस्यारी आने की तैयारी में बैठे हैं, लेकिन मौसम की खराबी के कारण हेलीकाप्टर मिलम तक उड़ान नहीं भर पाया है।
शनिवार को भी हेलीकाप्टर से मिलम तक उड़ान भरने की कोशिश की गई, लेकिन खराब मौसम के कारण संभव नहीं हो पाया। बताया गया है कि आठ जुलाई को छह लोग मिलम ग्लेशियर देखने के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हुए। उस दिन मौसम साफ था। इस कारण यह लोग वहां पहुंच गए। सभी ने 2500 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से एक ओर का किराया भी दिया था। इन लोगों ने नौ जुलाई को हेलीकाप्टर से वापस लौटने का फैसला लिया था, लेकिन तब से हेलीकाप्टर मिलम तक नहीं जा पाया है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि मिलम से पैदल आने की स्थिति नहीं है। मौसम साफ होते ही हेलीकाप्टर से इन लोगों को लाया जाएगा।