कांग्रेसियों ने बाहरी राज्यों से यहां आकर लड़कियों को बहला फुसलाने के मामले बढ़ने पर नाराजगी जताई है। वह कांग्रेस नेता भुवन पांडे के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा और जिलाधिकारी सुशील कुमार से मिले और ज्ञापन सौंपा, जिसमें बाहरी राज्यों से शहर एवं जिले में आ रहे अराजक तत्वों पर नजर रखने की मांग की गई है।
एसपी से मुलाकात में इन लोगों ने कहा कि रोज शहर में बाहरी राज्यों के लोगों की आमद हो रही है। ऐसे में घाट पुलिस चौकी में ही बाहर से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी होनी चाहिए, वहीं पर बाहरी राज्यों के लोगों का सत्यापन होना चाहिए। कांग्रेस नेता पांडे ने कहा कि जिले में फेरी लगाकर सामान बेचने वाले, कबाड़ी और बाहरी क्षेत्रों से आए मिस्त्री, मजदूरों का गहनता से सत्यापन होना चाहिए।
मकान मालिकों को भी सख्त हिदायत दी जानी चाहिए कि अनजान व्यक्ति को मकान किराए में देने से पहले वह पुलिस को इसकी सूचना दे। पुलिस अधीक्षक ने इन बिंदुओं पर सख्ती से अमल कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव दीपक तिवारी, अभिषेक बोरा, सभासद गिरीश भट्ट, ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह, महिमन भट्ट, भाष्कर भट्ट, जीवन पंत, त्रिभुवन चुफाल आदि मौजूद थे।