महाकाली किनारे तटबंधों के निर्माण में हो रही गड़बड़ी का मामला अमर उजाला में छपने के बाद प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आ गई है। एसडीएम अनुराग आर्य के निर्देश पर बृहस्पतिवार को टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही ठेकेदार ने निर्माण सामग्री हटा दी थी।
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने घटिया निर्माण सामग्री वाली फोटो एवं अन्य प्रमाण भी दिखाए। प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कहा है कि तटबंध निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
लोगों से कहा गया है कि यदि कहीं पर गड़बड़ी नजर आए तो फोन से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन तत्काल कदम उठाएगा। एसडीएम ने कामों की देखरेख के लिए एक मॉनीटरिंग कमेटी का गठन कर दिया है, जो समय-समय पर कामों की देखरेख करेगी, यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई तो तत्काल काम रोक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो तटबंध बन चुके हैं उनकी भी जांच की जा रही है। हर तटबंध के अंदर की सामग्री की चेकिंग की जाएगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप से अब काम की गुणवत्ता सही हो जाएगी।