पिथौरागढ़। सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आलम यह है कि जिले का सबसे बड़ा जिला अस्पताल ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल में चर्म रोग और मानसिक रोग विशेषज्ञ के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें करीब 250 किलोमीटर दूर हल्द्वानी और अन्य मैदानी क्षेत्रों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ और मानसिक रोग विशेषज्ञ के पद स्वीकृत हैं लेकिन लंबे समय से इनकी नियुक्ति नहीं हो सकी है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 50 से 60 चर्म रोगी और 15 से 20 मानसिक रोगी उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। विशेषज्ञों की कमी के चलते इन मरीजों को सामान्य चिकित्सकों से प्राथमिक उपचार ही मिल पा रहा है।
वहीं गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना अस्पताल प्रबंधन की मजबूरी बन जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि समय-समय पर विशेषज्ञों की नियुक्ति के दावे किए जाते रहे हैं लेकिन धरातल पर स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।
-
चर्म रोग विशेषज्ञ को भेज दिया धारचूला
धारचूला उप जिला अस्पताल में करीब तीन साल पहले चर्म रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई। जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव अधिक होने से उन्हें यहां अटैच किया गया। करीब एक साल पहले उन्हें मूल तैनाती स्थल भेज दिया गया तो जिला अस्पताल में चर्म रोग का इलाज बंद हो गया। जिले के चर्म रोगियों के लिए जिला मुख्यालय को छोड़कर इलाज के लिए धारचूला जाना मुमकिन नहीं है। ऐसे में चर्म रोगी परेशान हैं तो अस्पताल प्रबंधन लाचार है।
जिले में मानसिक अस्पताल खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अस्पताल खुलते ही जिले के मानसिक रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने की उम्मीद है। वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ की भी कमी है। अस्पताल में अन्य चिकित्सक चर्म रोगियों का इलाज कर रहे हैं।
-डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़