लोहाघाट (चंपावत)। छठ पूजा के लिए पूर्वांचली समाज के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे।
पूर्वांचली राजू चौहान, दिनेश लाल, हरीश प्रसाद, कमलेश चौरसिया, प्रकाश शाह, बिट्टू कुमार, दीपक कुमार और वेद प्रकाश ने बताया कि छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे।
14 नवंबर को खरना के दिन पूरे दिन उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके बाद कठिन निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर व्रती नदी और तालाबों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे।
वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे। इसके बाद पारण के साथ चार दिवसीय व्रत का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक एकता का भी प्रतीक है। इस पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना कर श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं।