ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया है। 11 दिनी मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख राधा बिष्ट और विशिष्ट अतिथि नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष राजेश्वरी देवी थीं। मेला कमेटी की ओर से बैज अलंकरण कर उनका स्वागत किया गया। राबाइंका धारचूला की बालिकाओं ने स्वागत गीत और वंदना पेश की। राइंका जौलजीबी और विवेकानंद इंटर कॉलेज धारचूला की बालिकाओं ने पहाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य किया। ब्लॉक प्रमुख राधा बिष्ट ने मेले के शांतिपूर्वक संपन्न होने पर सभी का आभार जताया। मेलाधिकारी/एसडीएम आरके पांडेय ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह धामी ने मेला कमेटी को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। विवेकानंद इंटर कॉलेज की शानदार प्रस्तुति पर व्यापारी राजू रायपा और नरेश रायपा ने विद्यालय की छह बालिकाओं को जैकेट भेंट किए।
संचालन लक्ष्मण सिंह बिष्ट, करन सिंह थापा और शंकर दत्त भट्ट ने किया। इस मौके पर शकुंतला दताल, बीडीसी जानकी बुर्फाल, लीला बन्ग्याल, प्रधान दुतीबगड़ कमला चंद, सीओ विमल कुमार आचार्य, प्रधानाचार्य एमआर लोहिया, रुकुम बिष्ट, देवीदत्त उपाध्याय, शिवम भट्ट, गणेश मर्तोलिया, खीमानंद भट्ट, पटवारी घनश्याम पैंतोला, हुकुम सिंह धामी, सुरेंद्र धामी, कृष्ण सिंह कुंवर आदि थे।