मल्लिकार्जुन महोत्सव के चौथे दिन लोकगायकों ने कुमाऊंनी और हिंदी गीतों की झड़ी लगा दी। दर्शक देर रात तक इन गीतों पर थिरकते रहे।
शनिवार शाम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक चुफाल और विशिष्ट अतिथि डीडीहाट नगरपालिका अध्यक्ष कमला चुफाल ने दीप जलाकर किया। दीपक ने विधायक विशन सिंह चुफाल की ओर से महोत्सव के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। लोक गायक अमित गोस्वामी, प्रकाश रावत, सुरेश कुमार ने कुमाऊंनी और हिंदी गीत पेश किए।
सुरेश कुमार ने की पग घूंघूरू बांध मीरा नाचेगी, चला जाता हूं किसी की धुन में, हमें तो लूट लिया मिलके हुस्न वालों ने, सुनाकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। प्रकाश रावत ने अस्कोट बाजार मेरी दुर्गा हरा गै, दुर्गा चान-चान मेरी कमर पटा गै, ओ हीरा समधन, असली को रेट कफू बासो जेठ गीतों से समा बांध दिया। आनंद म्यूजिकल कंपनी अल्मोड़ा के कमल नयन एंड पार्टी ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।
पवन कुमार ने जीती मिनी मैराथन
मल्लिकार्जुन महोत्सव समिति की ओर से रविवार को पांच किमी मिनी मैराथन हुई, इसमें राइंका पांखू के पवन कुमार पहले, राइंका नारायणनगर के आशीष अवस्थी दूसरे और अस्कोट के राहुल धामी तीसरे स्थान पर रहे। ब्रेकिंग आर्ट एकेडमी के नीरज उपाध्याय ने विजेता को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। रॉयल दरबार में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीडीहाट के जगदीश अटेला, अक्षय कुमार की जोड़ी ने अस्कोट के दीपक भट्ट और योगेश पाल को हराया।
छात्र-छात्राओं ने काली नदी में की राफ्टिंग
मल्लिकार्जुन महोत्सव के दौरान क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को केएमवीएन की ओर से काली नदी में राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 40 छात्र-छात्राओं ने जौलजीबी से लेकर हंसेश्वर तक पांच किमी राफ्टिंग की। निगम के प्रबंधक साहसिक पर्यटन दिनेश गुरुरानी ने बताया कि छात्र-छात्राओं को हिमालय बचाओ अभियान की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही उन्होंने हंसेश्वर में सफाई अभियान भी चलाया।