धारचूला (पिथौरागढ़) । ज्योलिंगकांग के आदि कैलाश में स्थित शिव-पार्वती मंदिर के कपाट एक मई को खोले जाएंगे। कुटी के ग्राम प्रधान और पुजारियों ने बैठक कर व्यास घाटी के 14500 फुट की ऊंचाई में स्थित मंदिर के कपाट रं समुदाय के रीति- रिवाज के अनुसार खोलने का निर्णय लिया है।
ग्राम कुटी के प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से ग्रामीण गांव के लिए जाना शुरू करेंगे। बता दें कि पिछले साल यात्रा तीन मई से 30 नवंबर तक चली थी। यात्रा में देश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 36 हजार श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ग्राम पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं को कूड़ा एकत्र करने के लिए बैग और पीने के लिए पानी के बोतलें उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीण श्रद्धालुओं से पर्यावरण को स्वच्छ रखने की भी अपील करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत बड़े नेताओं के आदि कैलाश दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। आदि कैलाश तक बीआरओ की ओर से सड़क बनाए जाने के बाद यात्रा काफी सुविधा हो गई। बैठक में पुजारी चेत सिंह कुटियाल, गोपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, हरीश कुटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद