पिथौरागढ़। चंडाक क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी पर दरांती से हमला कर उसे घायल कर दिया। हादसे में बेटी के सिर और हाथों में चोट आई है। पुलिस ने आरोपी पिता के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
मंगलवार को चंडाक क्षेत्र सनघर गांव में होशियार नाथ ने किसी बात को लेकर अपनी बेटी निशा पर दरांती से हमला कर दिया। आसपड़ोस के लोगों ने आरोपी पिता से दराती छीन ली और निशा को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।
निशा के सिर और हाथों में चोट आई है। लड़की की चाची किरण गोस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 307 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रमेश तनवार और आईओ एसआई प्रियंका मौनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी मनोरोगी है।