आपदा के कामों में घोटालों की शिकायतों की जांच शुरू हो गई है। डीएम एचसी सेमवाल के आदेश पर तहसीलदार आईबी मल्ल के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच का काम शुरू कर दिया है। अब तक टीम ने चार कामों की जांच कर ली है। शेष कामों की जांच भी की जाएगी। भाजपा ने आपदा मद से हो रहे 18 कामों की जांच के लिए शासन और जिला प्रशासन को पत्र दिया था।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कापड़ी ने कहा कि विगत एक वर्ष से भाजपा आपदा मद से हुए कार्यों की बंदरबांट और पूर्व में ही हो चुके कार्यों के फर्जी तरीकों से हुए भुगतान की शिकायत जिलाधिकारी से कर रही थी और एक वर्ष से लगातार जांच की मांग की जा रही है लेकिन अब तक मात्र चार ही कार्यों की जांच की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीजम में 12 लाख रुपये की लागत से बना मार्ग अस्तित्व में ही नहीं है। भाजपा की शिकायत के बाद फिर से बनाए गए पुल में गुणवत्ता की भारी कमी है। भाजपा अध्यक्ष का कहना हैं कि उचित कार्यवाही नहीं होने पर मामले को कोर्ट में ले जाएंगे। उधर, विभागीय जांच के बाद हड़कंप मचा है। कोई भी इस मामले में खुलकर बात करने से कतरा रहा है। तहसीलदार आईबी मल्ल ने बताया कि अब तक चार कार्यों की जांच की गई है। जिसकी तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजी जाएगी। अन्य कार्यों की जांच भी शीघ्र की जाएगी। जांच टीम में लोक निर्माण विभाग और विकासखंड धारचूला के अभियंता शामिल हैं।