पिथौरागढ़। आखिरकार तीन साल से जर्जर जिला पुस्तकालय के दिन बहुरने की उम्मीद लगी है। पुस्तकालय के जर्जर भवन के नवनिर्माण की स्वीकृति मिली है। 1.12 करोड़ रुपये से इसका कायाकल्प होगा। शिक्षा विभाग को पहली किस्त के तौर पर 68.78 लाख रुपये भी मिले हैं।
नगर के बीचोबीच रामलीला मैदान के पास जिला पुस्तकालय दयनीय हालत है। छत से पानी टपकने से बल्लियां सड़ चुकी हैं। दीवारों पर पड़ी दरारें किसी बड़ी घटना की तरफ इशारा कर रही हैं। दीवारों पर फैली सीलन विद्यार्थियों की दिक्कत बढ़ा रही है। हालात यह है कि हल्की बारिश में भी विद्यार्थियों को बरामदे में कुर्सी लगाकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करनी पड़ती है।
तीन साल पहले शिक्षा विभाग ने पुस्तकालय भवन के नवनिर्माण का प्रस्ताव शासन में भेजा इसे स्वीकृति नहीं मिल रही थी। संवाद समाचार एजेंसी ने बीते वर्ष 21 सितंबर के अंक में इस दिक्कत को जिला पुस्तकालय बदहाल, दरो-दीवार सुना रहे अनदेखी की दास्तान शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पुस्तकालय के सुधारीकरण की प्रस्ताव फाइलों से बाहर निकला और इस पर कार्रवाई शुरू हुई। देर से सही आखिरकार इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। धन स्वीकृत होने से अब अब जिला पुस्तकालय के भवन के नवनिर्माण की उम्मीद जगी है।
- निर्माण कार्य के दौरान नजदीकी विद्यालय में शिफ्ट होगा पुस्तकालय
जिला पुस्तकालय में रोजाना 150 से अधिक विद्यार्थी और युवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। निर्माण कार्य के दौरान पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। विभाग के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान पुस्तकालय नजदीकी विद्यालय में शिफ्ट किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
कोट
- जिला पुस्तकालय के जर्जर भवन के नवनिर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। जल्द इसके नवनिर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। - तरुण कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़