चंपावत। जिला अस्पताल में नाक, कान और गले (ईएनटी) के मरीजों को अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अस्पताल में दूसरी ईएनटी विशेषज्ञ के रूप में डॉ. राफिया की तैनाती कर दी गई है जिससे अब मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा परामर्श और उपचार मिल सकेगा।
इससे पहले जिला अस्पताल में केवल एक ही ईएनटी विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके अवकाश या अनुपस्थित रहने की स्थिति में दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कई बार उन्हें बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ता था। यहां की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 50 मरीज कान के संक्रमण, सुनने की समस्या, गले के रोग, टॉन्सिल, एलर्जी और नाक संबंधी विकारों के इलाज के लिए पहुंचते हैं।
वर्तमान में वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र के अवकाश पर होने के कारण डॉ. राफिया अकेले ही उपचार की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। विभाग में दो डॉक्टरों के होने से ओपीडी की लंबी कतारों और भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि इस नई तैनाती से चंपावत के अलावा लोहाघाट, पाटी, बाराकोट, मंच और अन्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों मरीजों को सीधा और सुलभ लाभ मिलेगा।