तहसील धारचूला के अंतर्गत छारछुम के पास शुक्रवार दोपहर बाद दो बाइकों में आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक रिटायर्ड शिक्षक और युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीआईसी बलुवाकोट से दो माह पूर्व रिटायर हुए शिक्षक गणेश दत्त पंत (60) धारचूला की तरफ से बुलेट से अकेले बलुवाकोट की तरफ आ रहे थे कि विपरीत दिशा से पल्सर बाइक से धारचूला को जा रहे बलुवाकोट निवासी हरीश रैखोला (20) और उनके साथी वजाहत कुरैशी (18) जा रहे थे।
दोनों वाहनों में इतनी जोरदार टक्कर हुई कि तीनों बाइक सवार काफी दूर तक सड़क पर रपट गए। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों ने तत्काल धारचूला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने देर शाम तीनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इनमें से रिटायर्ड शिक्षक गणेश दत्त पंत और युवक हरीश रैखोला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक तीसरे व्यक्ति वजाहत कुरैशी की हालत काफी गंभीर है। पुलिस ने बताया कि दोनों बाइक चालकों ने बाकायदा हेलमेट पहना हुआ था। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बलुवाकोट से बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे हुए हैं।
बाइक दुर्घटना में घायल छात्र की भी मौत
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बृहस्पतिवार को त्रिपुरादेवी के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कुलदीप सिंह खाती (21) पुत्र खड़क सिंह खाती निवासी क्वेराली की इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाते समय देर रात अल्मोड़ा के पास मृत्यु हो गई। घटना में एसडीआरएफ के जवान निर्मल खाती की मौके पर ही मौत हो गई थी। कुलदीप बेड़ीनाग महाविद्यालय में पीजी का छात्र था। निर्मल के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार प्रात: पिथौरागढ़ से आई डॉक्टरों की टीम ने यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया। उसकी अंत्येष्टि सेराघाट में कर दी गई है। कुलदीप का शव भी दोपहर बाद उसके क्वेराली स्थित आवास में पहुंच गया था। उसके फौज में कार्यरत बड़े भाई के आने का इंतजार किया जा रहा है।
महिला ने महाकाली में कूदकर जान दी
धारचूला (पिथौरागढ़)। घटधार निवासी दीपा आर्या (40) पत्नी महेश कुमार ने शुक्रवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों से महाकाली में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद देर शाम महिला की लाश नेपाल की तरफ गल्थे नामक स्थान से बरामद कर दिया। थाना प्रभारी बलवंत कंबोज ने बताया कि दीपा दोपहर बाद नाराज होकर घर से निकल आई। वह सीधे महाकाली के किनारे आई और उसने नदी में छलांग लगा दी। कुछ लोगों ने उसे नदी में छलांग लगाते देख लिया।