पिथौरागढ़। इन दिनों आदि कैलाश यात्रा सीजन जोरों पर चल रहा है। देशभर से प्रतिदिन कई यात्री आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शनों के लिए धारचूला तहसील के उच्च हिमालयी इलाकों की ओर रवाना हो रहे हैं। सरकारी वाहन उपलब्ध होने के बावजूद परिवहन निगम आदि कैलाश के लिए बस सेवा शुरू नहीं कर पा रहा है।
बता दें कि धारचूला से आगे आदि कैलाश यात्रा मार्ग अब काफी हद तक सुगम हो गया है। यदि आदि कैलाश मार्ग पर बड़ी बस भेजना थोड़ा कठिन भी हो तो निगम और पिथौरागढ़ डिपो के पास टेंपो ट्रैवलर उपलब्ध हैं। इसके बावजूद यह सुविधा शुरू नहीं किया जाना हैरानी भरा है जबकि देशभर से प्राइवेट टेंपाे ट्रैवलर यात्रियों को लेकर आदि कैलाश जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदि कैलाश यात्रा के बाद कुमाऊं मंडल में यह स्थान एक धाम की तरह प्रसिद्धि पा चुका है। मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी समय-समय पर आदि कैलाश यात्रा की महिमा और तेजी से बढ़ रही यात्रियों की संख्या का जिक्र करते रहते हैं। इन स्थितियों के मद्देनजर निगम यदि आदि कैलाश के लिए सीधी सेवा शुरू करने की पहल करे तो उसकी आय में भी इजाफा हो सकता है। हालांकि पिथौरागढ़ डिपो के सूत्रों का कहना है कि पांगला-दिल्ली बस सेवा शुरू करना आदि कैलाश तक सेवा विस्तार की योजना का ही हिस्सा है।
पिथौरागढ़ में आकाशवाणी क्षेत्र निवासी रेखा कुंवर, राजेंद्र सिंह खनका, बुंगाछीना निवासी पुष्कर सिंह और नाचनी निवासी बसंत बल्लभ जोशी कहते हैं कि आदि कैलाश के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने पर आम जन को काफी राहत मिलती। दूरदराज के इलाकों के भी कई लोग आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर पाते।