चंपावत।आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद उत्तराखंड रंजना राजगुरु ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने राजस्व वसूली, लंबित वाद और रिक्त पदों सहित विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
आयुक्त ने छह माह से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और ई-ऑफिस के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। एडीएम केएन गोस्वामी ने बताया कि जिले में दीर्घकालिक कोई वाद लंबित नहीं है, केवल छह माह से अधिक के आठ वाद शेष हैं। जिले में उपजिलाधिकारी का एक, तहसीलदार के चार और नायब तहसीलदार के तीन पद सहित कुल आठ पद रिक्त हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पिरुल ब्रिकेटिंग, कृषि कवच, मेरा स्कूल मेरी जमीन समेत विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। आयुक्त ने इनकी सराहना करते हुए पंचकर्म एवं वेलनेस सेंटर स्थापना की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट और तहसील का निरीक्षण कर ई-ऑफिस अपनाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान में सीडीओ जीएस खाती, एडीएम केएन गोस्वामी, एसडीएम बीपी पंत, प्रमोद कुमार, नीतू डांगर सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।