जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शॉट मारने के लिए तैयार बल्लेबाज
- फोटो : अमर उजाला
जिला क्रिकेट एसोसिएशन पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह सौन मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में एसबी क्लब और बीपी इलेवन ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है।
देवसिंह खेल मैदान में पहला मुकाबला एसबी क्लब और मूनाकोट इलेवन के बीच हुआ। मुख्य अतिथि डीसीए के अध्यक्ष तपन रावत ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। एसबी क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। चंद्रप्रकाश ने 80 और दीपक ने 24 रनों का योगदान दिया। संदीप और संजू ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में मूनाकोट इलेवन की टीम 20 ओवर में 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मनीष ने 29 रन बनाए। अनिल खनका ने 5 और किशोर ने 2 विकेट लिए। एसबी क्लब ने मैच 58 रनों से जीता। अंपायर जीवन मेहता और प्रशांत भैंसोड़ा और स्कोरर दीपक राजपूत थे।
दूसरा मैच बीपी इलेवन और बाराबीसी के बीच हुआ। बीपी इलेवन ने 20 ओवर में नीरज सौन की 117 रनों की शतकीय पारी की बदौलत 8 विकेट पर 235 रन बनाए। रोशन ने 3 और पंकज ने 2 विकेट लिए। बाराबीसी की टीम 20 ओवर में 140 रन ही बना सकी। पंकज ने 17 रन बनाए। कमल परिहार ने 2 विकेट लिए। बीपी इलेवन ने 95 रन से मैच जीता। अंपायर पारस मुडेला, रोहित सामंत और स्कोरर जीवन मेहता थे।