पिथौरागढ़ में पेयजल योजना का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
आखिरकार नगरवासियों को आंवलाघाट पेयजल योजना की सौगात मिल गई है। रविवार से नगर में योजना से पानी मिलने लगेगा। इससे नगर ही नहीं आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी पेयजल किल्लत से निजात मिल जाएगी।
शनिवार को सीएम त्रिवेंद्र रावत और पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने लोनिवि परिसर में लगभग 79.44 करोड़ की लागत से नवनिर्मित आंवलाघाट पेयजल योजना का लोकार्पण किया। सीएम ने नगरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर बधाई दी। सीएम ने आंवलाघाट योजना पूरी होने पर केंद्र सरकार और सांसद अजय टम्टा का आभार भी जताया।
सीएम ने बताया कि पेयजल समस्या को देखते हुए पिछले साल केंद्र ने 37 करोड़ रुपये दिए थे। इससे योजना के काम में तेजी आई। पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सरकार ने पानी की समस्या दूर करने की दिशा में तत्परता से काम किया। योजना को प्राथमिकता के आधार पर बजट दिया गया। इससे पिथौरागढ़ की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।
अभियंता धर्मशक्तू को सम्मानित किया
पेयजल योजना के शुभारंभ के बाद सीएम ने जल निगम के ईई आरएस धर्मशक्तू को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उन्हें पेयजल योजना की अनुमानित लागत से कम बजट में निर्माण पूरा करने पर सम्मानित किया गया। अभियंता के नेतृत्व में बनी इस योजना को अनुमानित लागत से पांच करोड़ कम खर्च पर पूरा किया गया।