पांडेगांव के जर्जर पुल की मरम्मत की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। भाजपा जिला मंत्री महेश पाठक ने पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एक अप्रैल से आमरण अनशन पर बैठने का ऐलान कर दिया है।
पांडेगांव का यह पुल डिग्री कालेज, जीआईसी, सीमांत इंजीनियरिंग कालेज, बजेटी, हुड़ेती, सुकौली जाने वाले मार्ग पर पड़ता है। पुल के दोनों ओर दरारें पड़ गई हैं और यह किसी भी समय धंस सकता है। इस मुद्दे पर लोग पहले भी आंदोलन कर चुके हैं। जब लोनिवि ने कोई ध्यान नहीं दिया तो लोगों ने उग्र आंदोलन की ठान ली है। भाजपा नेता महेश पाठक ने बताया कि पुल का निर्माण 50 वर्ष पहले किया गया था। तब से इसकी मरम्मत नहीं हुई। करीब पांच मीटर लंबा यह पुल बेहद अहम है। सबसे खास बात यह है कि यह जिला मुख्यालय की आंतरिक सड़क पर बना है।
प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, जिला महामंत्री मनोज सामंत, डीके देवलाल, भुवन पंत, राकेश पांडे, मनोज पांडे, सौरभ पांडे, सत्यप्रकाश, गोविंद पांडे, बीडी पंत, गंगोत्री दताल, प्रदीप उपरारी, केडी देवलाल, दीपक जोशी, अशोक उपरारी, रवि पांडे, भुवन जोशी आदि थे। प्रदर्शन के बाद महेश पाठक और राकेश पांडे ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।