मुवानी के पास रामगंगा में पीपलतड़ के पास बना झूलापुल खतरनाक हालत में पहुंच गया है। इस पुल की दस साल से कोई मरम्मत नहीं हुई। अब लोग झूलापुल से आर-पार जाने में भी घबराने लगे हैं। लोक निर्माण विभाग ने रामगंगा में इस पुल का निर्माण किया था।
बताया गया कि पुल से बेड़ीनाग, बेलकोट, पीपलतड़, गंगोरा, रीठा, रैतोली, गुरना, बरला समेत कई गांवों के लोग खरीदारी के लिए और स्कूली बच्चे मुवानी आते हैं। लोगों के आवागमन के लिए इस पुल के अलावा इस स्थान पर रामगंगा को पार करने के लिए अन्य कोई साधन नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जब पुल सही हालत में था तब इससे जानवरों को भी आर-पार ले जाया जाता था।
पिछले तीन-चार वर्षों से पुल की हालत इतनी खराब हो गई है कि उसमें लोगों को चलने में भी डर लगता है। पुल पर बिछाया गया सीमेंट उखड़ गया है। टीन की चादरें सड़ गई हैं। जगह-जगह गड्ढे बनने से लोगों के पांव फंसने का खतरा रहता है। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार और पप्पू डोबाल ने लोनिवि डीडीहाट के अधिशासी अभियंता को पुल की खस्ता हालत की जानकारी दी और किसी दुर्घटना के होने से पहले इसकी मरम्मत की मांग की।