बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पत्नी को मायके में छोड़कर ड्यूटी पर निकले युवक का शव संदिग्ध हालात में जंगल में पेड़ में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
ग्राम कफल्टा, सेलावन निवासी हरीश टम्टा (32) ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर में एक कंपनी में काम करता था। वह दीपावली पर घर आया था। दीपावली मनाने के बाद हरीश 25 अक्तूबर को संविदा नर्स पर कार्यरत अपनी पत्नी को उसके मायके भंडारीगांव छोड़ने गया। यहां से वह ड्यूटी जाने की बात कहकर निकला था और उसका मोबाइल बंद हो गया था। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था।
विज्ञापन
26 अक्टूबर को पत्नी ने बेड़ीनाग थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की देर शाम पुलिस को बेड़ीनाग-थल मार्ग पर बरसायत के जंगल में पेड़ पर शव लटका होने की सूचना मिली। एसएसआई हरीश कोरंगा और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाया। शव की पहचान हरीश टम्टा के रूप में हुई।
सीओ केएस रावत ने बताया कि मृतक की जेब से एक मोबाइल बरामद हुआ है। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मौत की वजह का पता लगाया जाएगा। इस मामले को लेकर परिजनों ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
-
फोटो 28 पीटीएच 16पी- हरीश टम्टा। (फाइल फोटो)