पाटी (चंपावत)। देवीधुरा का प्रसिद्ध बगवाल मेला रविवार से शुरू होगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सुबह 11 बजे मेले का शुभारंभ करेंगे। 23 अगस्त से चार सितंबर तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 28 अगस्त को मुख्य बगवाल खेली जाएगी। जिला पंचायत की ओर से वाराही धाम मंदिर को चार से पांच कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। मेले में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बाजार क्षेत्र में वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित
थानाध्यक्ष रमेश चंद्र बेलवाल ने बताया कि बगवाल मेले के दौरान बाजार क्षेत्र में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हल्द्वानी- देवीधुरा सड़क से आने वाले वाहनों को कंवाड़ बैंड में खड़ा कर श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से देवीधुरा तक पहुंचाया जाएगा। दोपहिया वाहन हनुमान मंदिर के पास बने पार्किंग में खड़े होंगे। पाटी, चंपावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़ से आने वाले वाहन बैरियर में सवारियों को छोड़कर केदारनाथ और देवीधुरा चौकी के पास बने पार्किंग स्थल में खड़े किए जाएंगे। वीआईपी वाहनों को संस्कृत महाविद्यालय के परिसर में बने पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा। देवीधुरा चौकी से मंदिर तक जीरो जोन रहेगा। वीआईपी वाहनों के साथ आवश्यक वाहनों का संचालन परिक्रमा मार्ग से किया जाएगा। सात से आठ किमी मेला क्षेत्र में हल्द्वानी रोड, हनुमान मंदिर, देवीधुरा चौराहा, खोली खांड मैदान के पास आदि जगहों में छह बेरियर लगाए गए हैं।