लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के ठांटा गांव के ग्राम प्रधान प्रशासक शिव शंकर पाठक (मोहित) को दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने का न्योता मिला। हर घर जल, हर घर नल योजना का कार्य समय से पूरा करने पर उन्हें जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आमंत्रित किया गया है।
जल जीवन मिशन के तहत ठांटा के प्रशासन पाठक ने ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष रहते हुए गांव में समय से हर घर साफ जल पहुंचाया, इसमें जल शक्ति मंत्रालय की ओर से उत्तराखंड के 11 ग्राम पंचायतों को चयनित किया। इसमें चंपावत जिले से केवल विकासखंड लोहाघाट के ग्राम ठांटा को भी शामिल किया है।
पाठक ने बताया कि उन्होंने समय से पहले गांव में योजना को पूरा और हर घर को साफ पानी देने के कार्य पूरा किया था, इसमें योजना की निगरानी, संचालन और रखरखाव भी किया है। पाठक ने गणतंत्र दिवस पर विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करने पर राज्य और भारत सरकार का आभार जताया है। ग्रामीण ज्वाला दत्त, पीतांबर दत्त, तुलाराम शर्मा, हरीश शर्मा, केदार मैरोला, भुवन राम, इंद्र देव, मोहन शर्मा आदि ग्रामीणों ने खुशी जताई।