पिथौरागढ़। जनपद में दो हजार से अधिक जनसंख्या वाले 11 राजस्व गांवों का चयन मॉडल सोलर गांव प्रतिस्पर्धा के लिए किया गया है। सबसे अधिक सोलर संयंत्र लगाने वाले गांव को मॉडल सोलर गांव घोषित किया जाएगा। इस गांव को एक करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। उरेडा की ओर से लोगों को सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के लिए ये हुए हैं चयनित
सुजई, लेलू, सुवाकोट, कासनी, भड़कटिया, मंजिर कांडा, हाट-कालिका, जुम्मा आदि। ये सभी गांव दो हजार से अधिक की आबादी वाले हैं। चयनित गांव को आदर्श सौर गांव के रूप में विकसित करने के लिए धनराशि अनुदान के रूप में दी जाएगी।
ये कार्य किए जा रहे
इनमें पीएम सूर्यघर योजना को सरल बनाना, सामुदायिक सोलर पावर प्लांट की स्थापना, स्वयं सहायता समूह से सौर ऊर्जा उपकरण की जानकारी, एनआरएलएम के तहत सोलर पावर प्लांट स्थापित करने, शासकीय भवन में रूफ टॉप पर सोलर प्लांट स्थापित करने, कृषि कार्यों के लिए सोलर पंप स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है।
उरेड़ा के परियोजना अधिकारी भूपाल सिंह कुंवर का कहना है कि मॉडल सोलर गांव के तहत दो हजार से अधिक जनसंख्या वाले 11 गांवों का चयन किया गया है। सबसे अधिक संयंत्र लगाने वाले गांव को मॉडल सोलर गांव के रूप में चयनित किया जाएगा। आदर्श सौर ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता के तौर पर एक करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा।