पिथौरागढ़। एपीएस रोड पर मंगलवार सुबह स्कूटी और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मंगलवार सुबह नैनीसैनी एयरपोर्ट जाने वाली सड़क के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी संख्या यूके 05 एफ 0255 और बोलेरो संख्या यूके 05 टीए 2972 की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार ओलीगांव, बुंगाछीना निवासी अश्विन ओली (17) पुत्र शेखर ओली उछलकर बोलेरो के शीशे तोड़ते हुए वाहन के अंदर जा गिरा।
गंभीर रूप से घायल अश्विन को बोलेरो चालक नाचनी निवासी कुंदन कुमार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार किशोर के सिर में गंभीर चोट आई है और वह बेहोशी की हालत में था। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि किशोर तेज रफ्तार से स्कूटी चला रहा था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
एयर एंबुलेंस नहीं मिल पाई
पिथौरागढ़। गंभीर रूप से घायल किशोर को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। परिजनों ने किशोर को वाहन से हल्द्वानी ले जाना पड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया था। लोहाघाट में एयर एंबुलेंस उपलब्ध होने की जानकारी मिलने पर परिजन किशोर को लेकर वहां पहुंचे, लेकिन सेवा नहीं मिल सकी। गिरीश जोशी ने बताया कि एयर एंबुलेंस के उत्तरकाशी जाने के कारण यह उपलब्ध नहीं हो पाई। संवाद
ट्रामा सेंटर की कमी फिर आई सामने
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच ट्रामा सेंटर की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। दुर्घटनाओं में गंभीर घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। स्थानीय लोग लंबे समय से जिले में ट्रामा सेंटर खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जिले में ट्रामा सेंटर की सुविधा होती तो सड़क हादसे में घायल किशोर को भी तत्काल बेहतर उपचार मिल सकता था और हायर सेंटर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ती।