पिथौरागढ़। रमसा के तहत आयोजित राष्ट्रीय कला महोत्सव में भाग लेने के लिए गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं का दल शनिवार को दिल्ली रवाना हो गया। छात्राओं ने राज्य स्तर पर हुए कला महोत्सव में थियेटर विधा पर पूरे प्रदेश में पहला स्थान बनाकर अपने लिए राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई। छात्राओं का यह दल दिल्ली में रामलीला मंचन पर कार्यक्रम पेश करेगा।
रमसा के जिला संदर्भ व्यक्ति विनोद कुमार टम्टा और अध्यापिका रमा खर्कवाल के नेतृत्व में इस दल में कुल 11 छात्राएं शामिल हैं। दल के सदस्यों को रवाना करते हुए रमसा के जिला परियोजना अधिकारी वाईएस चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कलाकार स्थान बनाएंगे और जिला तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। दल को रवाना करते समय मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, प्रधानाचार्य नंदा रावत, रमसा के जिला संदर्भ व्यक्ति प्रकाश उप्रेती, कमलेश उपाध्याय, संजय जोशी, गणेश चंद समेत तमाम लोग थे।