जूनियर हाईस्कूल टोला भैंसकोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
जिलेभर के सरकारी विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के तहत जन जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सरकारी विद्यालयों की सुविधाएं गिनाई जा रही हैं, लेकिन जूनियर हाईस्कूल टोला भैंसकोट का संचालन एकलौता शिक्षक कर रहा है। स्कूल की अव्यवस्था के कारण नए शिक्षासत्र में एक भी नए विद्यार्थी ने स्कूल में प्रवेश नहीं लिया है। उल्टा 11 बच्चों ने विद्यालय से टीसी कटवा ली है।
एसएमसी अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने बताया कि दस वर्ष पहले स्थापित जूनियर हाईस्कूल टोला भैंसकोट में दो वर्ष पहले तक विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए पूरा स्टाफ था। वर्ष 2014 में विद्यालय से दो अध्यापकों का स्थानांतरण और एक अध्यापक के सेवानिवृत्ति होने पर पठन-पाठन के लिए एक अन्य अध्यापक को स्कूल में तैनात किया गया, जो अधिकांश समय विभागीय कार्यों में ही व्यस्त रहते हैं। शिक्षक नहीं होने से इस वर्ष नए शिक्षासत्र में स्कूल के 11 बच्चों ने पांच किमी दूर जीआईसी बांसबगढ़ में प्रवेश ले लिया है। अब विद्यालय में छठी कक्षा में 1, सातवीं में 4 और आठवीं कक्षा में 1 विद्यार्थी बचा है। विद्यालय में नए शिक्षासत्र में एक भी विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं किया, जिससे स्कूल बंद होने के कगार पर पहुंच गया है।
अभिभावक मोहनी देवी, सीता देवी, पुष्कर सिंह का कहना है कि इन दिनों स्कूल में तैनात शिक्षक जीवन जोशी अवकाश पर हैं। विभाग ने बांसबगढ़ से एक शिक्षक को व्यवस्था के तौर पर तैनात किया है, जो प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल दोनों विद्यालयों की व्यवस्था संभाल रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। कहा कि जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं होती है तो वह भी अपने बच्चों का नाम स्कूल से कटवा देंगे।