पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए पुलिस प्रशासन ने टैक्सियों के लिए विभिन्न रूटों पर नए पार्किंग स्थल बनाने शुरू कर दिए हैं। पहले चरण में बृहस्पतिवार को चंडाक रूट से आने वाले वाहनों की पार्किंग लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के सामने निर्धारित की गई।
अब शहर के लाशघर रोड पर स्थित टैक्सी स्टैंड पर केवल चार-पांच टैक्सियों को ही सवारियां भरने के लिए अनुमति दी गई। धीरे-धीरे अन्य रूटों पर भी यही व्यवस्था लागू होगी। अब संबंधित रूटों के वाहन बारी-बारी से सवारियों को भरने के लिए पार्किंग स्थल से शहर में प्रवेश करेंगे।
पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
टैक्सी संचालन की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सवारियों को टैक्सियां पुराने पार्किंग स्थलों में पूर्व की तरह ही मिलेंगी। अधिक वाहनों का दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए बाकी वाहनों को संबंधित रूटों में ही चयनित किए गए पार्किंग स्थलों में रखने का निर्णय लिया है। टैक्सी चालक अपने वाहनों में ईंधन भराने, मरम्मत का काम कराने, आपातकालीन सेवा के लिए आवागमन करते रहेंगे। उन्होंने नगरवासियों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
टैक्सी चालकों ने किया संचालन ठप करने का एलान
पिथौरागढ़। टैक्सी यूनियन ने नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में टैक्सी संचालन नहीं करने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक पूर्व की भांति पार्किंग व्यवस्था नहीं की जाती तब तक टैक्सियों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। टैक्सी यूनियन सचिव मन्नू ठकुराठी ने कहा कि इस नई व्यवस्था का पूर्ण विरोध किया जाएगा। कहा कि पूर्व की तरह ही नगर में टैक्सी पार्क करने की व्यवस्था को लागू किया जाए।