टनकपुर (चंपावत)। नगर के मुख्य बाजार में मां पूर्णागिरि धाम के लिए सवारी बैठाने को लेकर बुधवार शाम टैक्सी चालकों के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि होटल कारोबारी और उसके पुत्रों ने लाठी-डंडों से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया। घटना के विरोध में आक्रोशित टैक्सी यूनियन ने जुलूस निकालकर करीब दो घंटे तक टैक्सी संचालन बंद रखा। पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में वार्ड नंबर तीन निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसका पुत्र राहुल सक्सेना बुधवार शाम करीब चार बजे टैक्सी स्टैंड पर वाहन खड़ा कर अल्मोड़ा अर्बन बैंक के पास सवारी से बातचीत कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मुख्य बाजार निवासी होटल कारोबारी हयात सिंह बिष्ट अपने पुत्र निक्कू और डिसू समेत दो अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने राहुल, उसके भाई अमन सक्सेना और चालक दीपक सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में राहुल के सिर पर गंभीर चोट आई जबकि अमन सक्सेना और चालक दीपक सिंह भी घायल हो गए। आरोप है कि घटना से करीब 15 मिनट पहले आरोपियों ने एक अन्य चालक चरणजीत सिंह राणा के साथ भी मारपीट की थी जिससे उसके हाथ में चोट आई।
घटना के बाद घायल चालकों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉ. उमर ने राहुल सक्सेना (25), अमन सक्सेना (26), चरणजीत सिंह राणा (38) और दीपक सिंह (33) का प्राथमिक उपचार किया। राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना से नाराज टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में चालकों ने देर शाम बाजार में जुलूस निकाला और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक टैक्सी संचालन बंद रखा। बाद में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद यूनियन ने आंदोलन स्थगित किया। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि हयात सिंह बिष्ट, निक्कू और डिसू समेत दो अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।